- कैंप परिसर में बाथरूम जाते समय चल रहे जनरेटर के तार के संपर्क में आने से हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भौंरट बांध का निर्माण करने वाली कंपनी में कार्यरत मशीन ऑपरेटर चल रहे जनरेटर के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहसील महरौनी क्षेत्र से गुजरने वाली जामनी नदी पर भौंरट बांध का निर्माण किया जा रहा है। बांध निर्माण का काम कर रही एक प्राइवेट कंपनी में धीरेंद्र पाल (26) पुत्र रामहित निवासी ग्राम चढौत थाना जरीया जिला हमीरपुर मशीन ऑपरेटर के पद पर काम करता था। रविवार की रात को वह अपने साथी कर्मियों के साथ कैंप में सो रहा था। सोमवार की सुबह करीब चार बजे धीरेंद्र पाल बाथरूम करने के लिए उठकर बाहर गया। यहां कैंप में चल रहे जनरेटर के तार के संपर्क में आ गया। जिससे उसे करंट लगा और मौके पर ही गिर गया। चीख पुकार सुनकर साथी कर्मी मौके पर पहुंचे तो धीरेंद्र जमीन पर पड़ा था और उसकी मौत हो गई थी। कंपनी के सुपरवाइजर मंगल सिंह यादव ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर आ गए थे।