मड़ावरा/ललितपुर। थाना मदनपुर अंतर्गत ग्राम नीमखेड़ा में शनिवार को पांडव वन से लौट रहे सैलानियों से लूट के मामले में मदनपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। थाना मदनपुर अंतर्गत ग्राम गोराखुर्द निवासी प्रिंसप्रताप पुत्र जयपाल सिंह लोधी ने मदनपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि शनिवार को जब वह अपनी बहन के विवाह के बाद परिजनों समेत भोज-भंडारे के लिए जंगल के बीच जामनी नदी के किनारे पांडवधाम गए थे। चार पहिया वाहन से वापस लौटते समय नीमखेरा के नजदीक सामने से दो बाइक पर चार अज्ञात नकाबपोश बदमाश आए और उनकी गाड़ी को रोककर गाड़ी चला रहे चालक और उसकी बहिन के सिर पर तमंचा अड़ा दिया। बदमाशों द्वारा महिलाओं के साथ लूटपाट की गई, जिसमें उनके सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और जंगल की तरफ भाग गए थे। इस मामले में मदनपुर पुलिस ने चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले में सोमवार को दोपहर लगभग बारह बजे नीमखेड़ा तिराहा पर बनी पुलिया के पास से थाना जाखलौन के ग्राम जीरौन निवासी सोनू अहिरवार, अमर सिंह को एक देशी तमंचा 315 बोर एवं दो कारतूस, जिसमें एक मिस कारतूस व एक मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ घटना में कस्बा नाराहट निवासी राहुल यादव और डोंगराखुद दिगवार निवासी ऊधम सिंह यादव भी साथ में शामिल थे, जो फरार चल रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजकुमार वर्मा के अलावा इंद्र सिंह सेंगर, आशीष कुमार, एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक मो. गुलाम हुसैन शामिल रहे।