संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सिलगन रोड स्थित रेलवे अंडर ब्रिज के भीतर अक्सर अंधेरा पसरा रहता है और रात के समय कई बार यहां दोनों ओर के वाहनों के आमने सामने आ जाने पर जाम की स्थिति बन जाती है। बीते रोज रविवार की रात में भी यहां अंधेरा होने के कारण कई बड़े वाहन दोनों ओर से अंडर पास से निकलते समय जब मध्य में अंडर पास के अंदर पहुंचे तो वाहन आमने सामने आ गए। वाहन चालकों ने अपने अपने वाहनों को एक ओर से पीछे ले जाने का प्रयास किया, लेकिन पीछे वाहनों की लंबी कतार लगी थी, इससे दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया। इससे इन वाहनों के चालकों व उनमें बैठी सवारियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा। यहां लगभग एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि किसी प्रकार पीछे के वाहनों को एक-एक करके पीछे करते हुए सड़क किनारे किया गया और एक ओर के वाहनों को निकाला गया, तब वाहनों का जाम खुल सका।