समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे अधिकारी
ललितपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी कई सरकारी कार्यालयों में सुबह के समय अधिकारी जन समस्याएं सुनने के लिए बैठ नहीं रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष स्वयं इस हकीकत से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति उदासीन अधिकारियों के नाम शीघ्र ही सीएम के पास भेजे जाएंगे। पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी का कहना है कि उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, विकास भवन सहित कई कार्यालयों का भ्रमण किया है। लेकिन, साढ़े दस बजे तक ज्यादातर अधिकारी और कर्मचारी सीटों पर नहीं पहुंचे थे, जबकि जिन्हें काम था वे आफिसों में पहुंच चुके थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और कार्यालय में समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करायें। अन्यथा, उनकी शिकायत प्रमाण सहित मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी।