मध्य प्रदेश के मालथौन थाना अंतर्गत कनकद्दर जलप्रपात पर पहाड़ी के ऊपर से सेल्फी लेते समय ललितपुर के कस्बा मड़ावरा निवासी एक युवक पहाड़ी से गिरकर नदी में बह गया। मध्य प्रदेश पुलिस कंट्रोल से सूचना मिलने पर नाराहट थाना पुलिस ने युवक की खोजबीन शुरू कर दी है।
कस्बा मड़ावरा निवासी आकाश जैन (35) बुधवार को दोपहर में अपने सात-आठ साथियों के साथ कनकद्दर जलप्रपात घूमने गया था, जहां सभी युवक नहा रहे थे और सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान आकाश भी नहाते समय जलप्रपात की करीब अस्सी फुट ऊंची पहाड़ी से सेल्फी ले रहा था।
इसी दौरान उसका पहाड़ी से पैर फिसल गया और वह अस्सी फुट ऊंचाई से नीचे गिर रहे जल प्रपात में गिरकर बह गया। घटना की जानकारी मध्य प्रदेश की मालथौन पुलिस को हुई, (चूंकि पहाड़ी के ऊपर का क्षेत्र मध्य प्रदेश और पहाड़ी के नीचे का क्षेत्र ललितपुर के नाराहट क्षेत्र के अंतर्गत आता है।) जिस पर मालथौन पुलिस ने कंट्रोल को सूचना दी।
रात करीब आठ बजे कंट्रोल से सूचना मिलने पर नाराहट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की खोजबीन शुरू कर दी है। लेकिन रात होने व जंगल होने के चलते खोजबीन में दिक्कत आना बताया गया। फिलहाल अभी उक्त युवक का पता नहीं लग सका है।