ललितपुर। केंद्र सरकार ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए पीएम राहत योजना शुरू की है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद अनुराग शर्मा को पत्र लिखकर योजना की जानकारी दी। योजना का उद्देश्य घायलों को तुरंत और मुफ्त इलाज देना है, जिससे ''गोल्डन ऑवर'' में समय पर मदद से मौतों को 50 फीसदी तक कम किया जा सके। इसके तहत पात्र पीड़ितों को 1.50 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज मिलता है। यह सुविधा दुर्घटना के दिन से अधिकतम सात दिनों तक लागू है, जिसमें गंभीर मामलों में 48 और सामान्य में 24 घंटे का इलाज मिलता है। आयुष्मान भारत से जुड़े सभी अस्पताल इस योजना में शामिल हैं। मंत्री ने सांसद अनुराग शर्मा से जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठकों में योजना की समीक्षा का अनुरोध किया। आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर पर कॉल कर एम्बुलेंस और अस्पताल की जानकारी ली जा सकती है।