पाली के एक किसान ने डीएम को ज्ञापन देकर चार माह पूर्व क्रय केंद्र पर उसकी मसूर की फसल में दो क्विंटल घटतौली करने और चार माह से अब तक मसूर का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। थाना पाली अंतर्गत मुहल्ला हजारिया निवासी रामचरन ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि उसने गत 17 जून को अपनी 27 क्विंटल मसूर विक्रय स्थल पाली में तुलवाई थी। लेकिन उसकी दो क्विंटल मसूर को क्रय केंद्र पर तौलामेन ने काट ली और मात्र 25 क्विंटल की तुलाई ही दिखाई गई। इसका उलाहना देने पर उसकी मसूर का जल्दी भुगतान कराने के नाम पर सात हजार रुपए भी लिए गए थे। इसके बाद उसे भुगतान के लिए लगातार चार महीने से टरकाया जा रहा है। अब तक उसकी मसूर का उक्त क्रय केंद्र से भुगतान नहीं हो सका है। जिस पर उसने गत 24 अक्टूबर को उसकी मसूर का भुगतान का पैसा मांगा तो उसे अब मात्र 25 कुंतल मसूर का ही भुगतान किया जाएगा, बताया कहा जा रहा है। बाकी दो कुंतल मसूर का भुगतान नहीं मिलने की बात कही जा रही है। यही नहीं इसकी शिकायत करने पर सचिव द्वारा उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से क्रय केंद्र पर 27 क्विंटल मसूर का भुगतान कराए जाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित रामचरन ने बताया कि वह क्रय केंद्र पर मसूर तो 27 कुंतल ही ले गया था, जबकि उसे अब चार महीने बाद सिक्सआर की रसीद दी गई है।