डोंगरा खुर्द/ललितपुर। हर घर जल नल योजना के तहत गांव-गांव में पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए दुखदायी बन गई हैं। दो पहिया वाहन तो छोड़िए, चार पहिया वाहन भी इस सड़क से निकलते समय फिसलकर पलट रहे हैं। ऐसी ही घटना शुक्रवार को ग्राम गुरयाना में हुई। वहां सड़क पर खुदी पड़ी काली मिट्टी में महिंद्रा जीप फिसल गई और अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसमेें सवार तीन लोग चोटिल हो गए। इनमें से एक वृद्ध को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नाराहट क्षेत्र के अंतर्गत जामनी बांध, डोंगराखुर्द से गदौरा-अर्जुन खिरिया क्षेत्र सहित दर्जनों गांवों में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर जल योजना से जोड़ने के लिए पाइप लाइन डालने का कार्य किया गया। पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई। कार्यदायी संस्था ने पाइप लाइन बिछाने के बाद काली मिट्टी को सड़क पर ही छोड़ दिया।
पिछले दिनों हुई बारिश से सड़क पर पड़ी यह काली मिट्टी गीली हो गई। इससे सड़क से दोपहिया वाहन के साथ साथ चार पहिया निकलने में काफी परेशानी हो रही है। वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शुक्रवार को थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम गुरयाना से एक महिंद्रा जीप इस सड़क से गुजर रही थी। काली मिट्टी से गुजरते समय जीप फिसल गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और जीप के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकला। जीप पलटने से उसमें सवार तीन लोग चोटिल हो गए जिसमें पठराई बारी (60) गम्भीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हर घर जल नल योजना के अंतर्गत गांव-गांव पाइप लाइन बिछाई जा रही है जिसमें ठेकेदार द्वारा मनमानी की गई है। सड़क पर मिट्टी डाली गई है जो अब मुसीबत बन गई है। वाहन फिसलकर गिर रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। - दिलीप सिंह
सड़कों पर वाहन निकलते हैं और क्रासिंग करने में भारी मुसीबत होती है। ठेकेदार द्वारा मनमानी की गई है। सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया जिससे पूरी सड़क पर कीचड़ फैल गया है। - राजेंद्र पटेल