संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। श्री रामलीला हनुमान जयंती महोत्सव समिति ने गणमान्य नागरिकों व सभी मंदिरों के पुजारियों व प्रबंधकों के साथ बैठक की। जल विहार पर्व धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी ने कहा कि शोभायात्रा शाम पांच बजे रघुनाथजी मंदिर चौबयाना से प्रारंभ होगी, जो रावरपुरा, सुभाषपुरा, घंटाघर, सावरकर चौक, तालाबपुरा रोड होते सुमेरा तालाब पर पहुंचेगी। विमानों में विराजे भगवान बांके बिहारी गाजे बाजे के साथ निकल कर नगर भ्रमण करते हुए सुमेरा तालाब पर पहुंचेंगे। यहां पवित्र गंगा जल जो कि समिति द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, उससे भगवान बांके बिहारी जल विहार करेंगे। जलाभिषेक के बाद रात्रि 8 बजे श्रीरामलीला प्रांगण में महाआरती होगी।
आरती के पश्चात सभी भगवान सावरकर चौक, कटरा बाजार गणेश झांकी पहुंचेंगी जहां आरती होगी, यहां आरती के पश्चात सभी विमान जगदीश मंदिर व घंटाघर स्थित थानेश्वर मंदिर पहुंचेगे। यहां महा आरती के पश्चात सभी विमान अपने अपने देवालयों को प्रस्थान करेंगे। सभी मार्गों को दुरुस्त करने गड्ढा मुक्त करने के लिए भी प्रशासन से मांग की गई व शोभायात्रा मार्ग से अतिक्रमण भी हटाने की मांग भी प्रशासन से की गई। इस अवसर पर रमेश रावत, रविंद्र पाठक, अवध बिहारी उपाध्याय, शरद खेरा, विलास पटेरिया, गोविंद नारायण रावत, हरविंदर सिंह सलूजा, शिवनारायण, राजीव बबेले आदि मौजूद रहे।