ललितपुर। जनपद में 36 घंटों से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ऐसे में सोमवार को इंटरमीडिएट तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, 15 जून से चार अगस्त तक सामान्य से 69 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है।
जून में मानसून की दस्तक के बाद 30 जून तक 123 मिलीमीटर पानी गिरा। ये औसत वर्षा 93 मिलीमीटर से 30 एमएम ज्यादा है। इसके बाद जुलाई में सामान्य औसत बारिश 346 मिलीमीटर के सापेक्ष 379 एमएम पानी गिरा। ये सामान्य से 33 मिलीमीटर अधिक है। चार अगस्त तक औसत वर्षा 26.4 मिमी के सापेक्ष 32.4 मिलीमीटर पानी गिरा, जो सामान्य से छह मिलीमीटर अधिक है। लगातार हो रही बारिश का पानी खेतों में भी भर रहा है, जिससे किसान चिंतित हैं। बारिश को देखते हुए डीएम अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर बीएसए रणवीर सिंह, डीआईओएस ओपी सिंह ने कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को सोमवार को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है।
ये बोले कृषि वैज्ञानिक
बारिश में किसान चिंतित न हों, क्योंकि जो पानी बरस रहा है, वह खेतों में भरने के साथ ही निकल भी रहा है। इससे फसलों को पूरी तराई मिल रही है। यदि पानी खेतों में 24 घंटे से अधिक समय तक भरा रहेगा तो फसल पर उसका असर पड़ सकता है। लेकिन अभी ऐसी स्थित नहीं है। - दिनेश तिवारी, कृषि वैज्ञानिक।
00000
तीन सालों में बारिश की स्थिति
वर्ष - बारिश
जून 2022- 128 मिलीमीटर
जुलाई 2022- 326 मिलीमीटर
000
जून 2023 - 171 मिलीमीटर
जुलाई 2023- 324 मिलीमीटर
000
जून 2024 - 123 मिलीमीटर
जुलाई 2024- 379 मिलीमीटर