ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीते तीन दिन पहले पीतल की ईंट को सोने बताकर महिला से एक लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ईंट बनाने वाले सराफा व्यापारी की तलाश में जुटी है। अब इस मामले में खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले से जुड़े कारोबारियों की जांच के निर्देश दिए हैं।तीन दिन पहले मोहल्ला चौकाबाग निवासी लक्ष्मी यादव के घर बेलदारी का काम करने पहुंचे एक व्यक्ति ने महिला को सोने की ईंट बताकर पीतल की ईंट थमा दी थी और ईंट को उसने महिला के पास एक लाख रुपये लेकर गिरवी रख दिया था। लेकिन बाद में महिला ने सराफा बाजार में जांच कराई तो वह ईंट सोने की न होकर पीतल की ईंट निकली। जिस पर महिला ने कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपी को दूसरी ईंट खरीदने के बहाने बुला लिया, जहां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने पीतल की ईंट पर सोने की पर्त चढ़ाने वाले सर्राफा व्यापारी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं अब पुलिस अधीक्षक ने मामले में खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है और इस मामले में सराफा व्यापारी की भूमिका की जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।