तालबेहट। नगर में पीडब्लूडी की जमीन से अतिक्रमण हटाने में लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही पर शासन नाराज है। शासन ने जिलाधिकारी को पत्र जारी करते हुए सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को तत्काल हटवाने और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई न करने पर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर के सरफयाना निवासी शशिभूषण संज्ञा ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की जमीनों पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण करने के संबंध में शिकायती पत्र अधिकारियों को दिया था। जिस पर कार्रवाई न होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत दर्ज कराई थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी एनके एस चौहान ने जिलाधिकारी को पत्र जारी कर कहा कि प्रकरण के संबंध में दूरभाष पर स्थिति से अवगत कराने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। अपर जिलाधिकारी की जांच में अवैध कब्जा प्रमाणित किया गया था।
नगर एवं सड़क किनारे स्थित गांवों की जमीनों पर क्षेत्र के भू माफियाओं की पैनी नजर पहले से रही है। लेकिन इस कार्य में लोक निर्माण विभाग के अमीन ने लोगों की शिकायतों के बावजूद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते जगह-जगह अतिक्रमणकारियों ने जमीनों पर अवैध कब्जे कर लिए।
शासन के द्वारा जारी निर्देशों का पालन पूरी तरह से किया जाएगा। सभी सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा। - अमित कुमार भारतीय, एसडीएम तालबेहट