संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोहरे का प्रकोप सांस रोगियों की समस्या बढ़ा रहा है। नमी के साथ सर्दी पड़ने से सांस रोगियों को परेशानी बनी हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन सांस के 50 से 60 रोगी पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है नमी भरी सर्दी से अस्थमा के मरीजों की दिक्कत बढ़ रही है। वर्तमान में अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़कर दो गुना हो गई है।
एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बारिश के बाद अब गलन भरी सर्दी पड़ रही है। धूप न निकलने से दिन में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। पूरे दिन कोहरा लगा रहता है, इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कोहरे की फुहार से नमी भरी सर्दी पड़ रही है, इससे अस्थमा के मरीजों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में तीन फिजीशियन की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 240 मरीज आ रहे हैं, इसमें 50 से 60 मरीज सांस संबंधी समस्या से परेशान हैं। चिकित्सकों का कहना है कि अस्थमा के रोगी धुआं से बचाव करें। गुनगुना पानी पियें। पौष्टिक भोजन, विटामिन सी से भरपूर पदार्थों का सेवन करें। सर्दी से पूरी तरह बचाव करें। नमी भरी सर्दी सेहत बिगाड़ सकती है।
सांस के रोगी बिना चिकित्सक के परामर्श के दवाओं का सेवन न करें। दवाइयां अपने साथ रखें, समय-समय पर जांच कराते रहें। सर्दी से बचाव करें।
- डॉ. नीलांजलि दुबे, फिजीशियन, जिला अस्पताल