बार/ललितपुर। थाना बार पुलिस ने रविवार को कंगीरपुरा जाने वाली सड़क पर ग्राम रजपुरा की पुलिया के पास तमंचा व कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग के निर्देशन में अपराध रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को थाना बार पुलिस को एक शातिर अपराधी को पकड़ने में सफलता मिली है। थाना बार की पारौन पुलिस चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक रमेश चौहान ने बार थान में तहरीर देकर बताया कि 26 सितंबर को शाम को साढ़े छह बजे वह क्षेत्र में थानाध्यक्ष बार अंजनी कुमार सिंह के साथ अपराध की रोकथाम को भ्रमण पर थे, तभी मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष बार एवं उनकी संयुक्त टीमों द्वारा कंगीरपुरा को जाने वाली सड़क पर ग्राम रजपुरा की पुलिया के पास एक व्यक्ति को घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जामा तलाशी लेने पर उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम एवनी निवासी शिशुपाल सिंह (25) पुत्र बब्बू राजा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उक्त मामले में 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।