ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला नई बस्ती के शिशु मंदिर के पीछे निवासी संगीता जैन (32) पत्नी नितिन जैन ने मोबाइल पर चैटिंग करने से मना करने पर मंगलवार को सुबह घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मोहल्ला गांधीनगर शिशु मंदिर के पीछे निवासी संगीता जैन (32) सोमवार रात में अपने कमरे में किसी से मोबाइल पर चैटिंग कर रही थी। उसका पति दुकान बंद करके जब घर पहुंचा तो उसने पत्नी को चैटिंग करने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। यही नहीं पत्नी ने मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया।
मंगलवार को सुबह उसने पति के मोबाइल से नागपुर में अपनी मां से बात भी की। इसके बाद पति बच्चों को पास में ही स्कूल में छोड़ने चला गया। जब वह लौटा और दरवाजे खोलने के लिए पत्नी को आवाज लगाई तो अंदर से कोई आवाज नहीं मिलने पर उसने किसी प्रकार दरवाजा खोलकर अंदर जाकर देखा। कमरे में उसकी पत्नी पंखे पर दुपट्टा से बने फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। उसने आसपास के लोगों की मदद से पत्नी को फंदे से उतारा और जिला अस्पताल ले गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति नितिन ने बताया कि उसकी करीब दस वर्ष पहले शादी हुई थी और पत्नी का मायका नागपुर में है। मृतका की दो बेटी व एक बेटा है।