जिला अस्पताल में सुबह 11 बजे कुछ देर के लिए गई बिजली के कारण ओपीडी, इमरजेंसी व जांचें ठप होने से मरीजों को हुई परेशानी
कई डॉक्टरों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर आेपीडी में देखे मरीज, नहीं चला जेनरेटर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल में शनिवार की सुबह 11 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। बिजली जाने से 15 से 20 मिनट तक मरीज और तीमारदार परेशान होते रहे। वहीं, अंधेरा होने से ओपीडी और एक्सरे सहित सभी काम ठप रहे। हालांकि कुछ चिकित्सकों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर ओपीडी में मरीजों को देखा। उधर, अव्यवस्था ये देखने को मिली कि आेपीडी का समय होने के बाद भी 15-20 मिनट में भी जेनरेटर नहीं चलाया गया।
शनिवार की सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में बिजली चली गई। इस दौरान अस्पताल में परिसर में चारों तरफ अंधेरा छा गया। एनसीडी सेल में चल रही ओपीडी ठप हो गई। इमरजेंसी और ओपीडी का कार्य ठप होने से मरीजों को परेशानी हुई। परिसर में करीब 15 से 20 मिनट तक अंधेरा रहने पर उपचार कराने आए मरीज और तीमारदार परेशान रहे।
मरीजों और तीमारदारों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर काम चलाना पड़ा। हालांकि, अंधेरे में भी कुछ चिकित्सकों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर ओपीडी चालू रखी। इस संबंध में सीएमएस राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि बिजली जाने पर जिला अस्पताल में जेनरेटर की व्यवस्था है। कभी-कभी अचानक बिजली जाने पर जेनरेटर को चलाने में देर हो जाती है।
जिला अस्पताल में नहीं है इनवर्टर की व्यवस्था
ललितपुर। जिला अस्पताल में सिर्फ ऑपरेशन थियेटर में ही इनवर्टर की व्यवस्था है। इसके अलावा अन्य वार्डों में इनवर्टर की कोई व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण आए दिन बिजली आपूर्ति ठप होने पर ओपीडी और इमरजेंसी वार्डों में अंधेरा हो जाता है। बिजली जाने के बाद जब जेनरेटर ऑपरेटर जेनरेटर को चलाता है, तब आपूर्ति चालू होती है। जिससे अक्सर मरीजों, चिकित्सकों और तीमारदारों को परेशानी होती है।
जिला अस्पताल परिसर में भरा पानी, फैली गंदगी
ललितपुर। अगर आप जिला अस्पताल इलाज कराने जा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। कहीं, जिला अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और बारिश के पानी में पनप रहे मच्छर आपको नई बीमारी न दे दें। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से संक्रामक बीमारियों से रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। लेकिन, यहां जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने भरा बारिश का पानी और अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी से बदबू आ रही है। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी और एक्सरे विभाग के पीछे साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा है। परिसर के अंदर अन्ना जानवर घुस आते हैं।
तीमारदार खुद खींचते हैं स्ट्रेचर
ललितपुर। जिला अस्पताल में स्ट्रेचर ले जाने के लिए वार्ड बॉय की कोई व्यवस्था नहीं है। तीमारदारों को खुद ही अपने मरीज को स्ट्रेचर से खींचकर चिकित्सकों तक ले जाना पड़ता है। इस दौरान तीमारदारों को काफी परेशानी होती है।