ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर निवासी होमक्वारंटीन किए युवक को मोहल्ले में टहलते पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। युवक इंदौर से आया है। मोहल्ला नेहरूनगर सिद्धनपुरा वार्ड संख्या एक के सेक्टर मजिस्ट्रेट शशी कर्दम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आठ मई को कोविड-19 कंट्रोल रूम द्वारा उन्हें बताया गया कि एक व्यक्ति जिसका नाम संजय पुत्र धनीराम परिहार निवासी सिद्धनपुरा, वह इंदौर से ललितपुर आया है। कंट्रोल रूम की सूचना के आधार पर उन्होंने मौके पर जाकर जांच की तो ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति ने आठ मई को ग्राम रौंड़ा में जांच स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग करायी है एवं उसे होम क्वारंटीन किया गया है। लेकिन, उक्त व्यक्ति निर्देशों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर टहलते हुए पाया गया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए और एंबुलेंस से क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ कोरोना महामारी फैलाने के मामले में महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।