संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बीएससी की पढ़ाई कर रहे पुत्र का एडमिट कार्ड व स्कॉलर शिप फार्म जमा करने आए व्यक्ति के ऊपर हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला रामनगर के रमेश चंद्र (40) का पुत्र दिव्यांश राजकीय महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष में है। शनिवार को रमेश चंद्र अपने पुत्र दिव्यांश के साथ एडमिट कार्ड व स्कॉलरशिप का फार्म जमा करने के लिए महाविद्यालय गए थे। यहां वह महाविद्यालय परिसर में अपनी बाइक पर बैठा था, जबकि दिव्यांश अंदर गया था। इसी दौरान महाविद्यालय परिसर के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया और रमेश चंद्र उसकी चपेट में आकर झुलस गया। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और रमेश को बाहर निकाला। करंट लगने से रमेश चंद्र अचेत हो गया था। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय ने बताया कि करंट की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। जांच कराई जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।