ललितपुर। जिला अस्पताल में अब मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सक व पैथोलॉजी में चक्कर नहीं लगाना होगा। अस्पताल परिसर में स्थित आयुष भवन में एक ही स्थान पर स्वास्थ्य संबंधी 50 से अधिक जांचें हो जाएंगी। जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम स्थापित होने के साथ ही जांच शुरू हो गई है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. जेएस बक्शी ने जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया।
जिला अस्पताल में अब तक मरीजों को बीमारी की जांच के लिए परेशान होना पड़ रहा था। इसमें पर्चा बनाने के लिए लाइन से जूझना पड़ता था, जिसके बाद चिकित्सक से परामर्श के बाद जांच को भी लाइनों में लगना पड़ रहा था। ऐसे में कई मरीजों को जांच कराने में ही दिन बीत जाता था। चिकित्सक से दवा लेने के लिए अगले दिन आना पड़ता था। कई दूर-दराज क्षेत्र के मरीजों को अधिक दिक्कत होती थी। लेकिन अब अस्पताल में मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कहीं भटकना नहीं होगा। जिला अस्पताल को हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत ऑनलाइन किया जा रहा है। इसके लिए अस्पताल परिसर के आयुष भवन में हेल्थ एटीएम स्थापित कर दिया गया है। हेल्थ एटीएम से पूरे शरीर की स्क्रीनिंग कुछ ही मिनटों में तथा जांच रिपोर्ट भी देगा। इस रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक दवा लिख सकेंगे।
यह मिलेंगीं जांच की सुविधाएं
हेल्थ एटीएम में शरीर की स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, शरीर का तापमान, हीमोग्लोबिन, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फेट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट, ईसीजी आदि के अलावा ग्लूकोज, लिपिड प्रोफाइल, डेंगू, चिकनगुनिया, टीएलसी, डीएलसी समेत 50 से अधिक जांचे हो सकेंगी।
इस प्रकार देना होगा विवरण
हेल्थ एटीएम में पहले व्यक्ति को मोबाइल नंबर अंकित किया जाएगा, जिससे पंजीयन हो जाएगा। इसके बाद नाम, पता व उम्र और पिनकोड डालना होगा। इसके बाद जो जांच करना है, वह प्रक्रिया अपनाकर जांच हो जाएगी। जिसके बाद व्यक्ति जांच रिपोर्ट लेकर चिकित्सक से उपचार ले सकेंगे।
जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम स्थापित कर दिया गया है। इससे मरीजों को जांच के लिए अधिक समय व चक्कर नहीं लगाना होंगे। सीधे एटीएम से जांच करा सकेंगे। - डॉ. जेएस बक्शी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी