तालबेहट। एक कार्यक्रम में नृत्यांगनाओं के सामने लाइसेंसी रिलाल्वर से हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पदस्थ उपनिरीक्षक ने शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। बताते चलें कि 26 जनवरी की रात में ग्राम पवा में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में एक युवक ने अपनी हनक जमाने के लिए नृत्य के दौरान अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने आरोपी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार की अगुवाई में आरोपी की तलाश में देर रात कई जगह दबिश दी थी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया। वहीं इस मामले में उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने आरोपी अरविंद कुशवाहा पुत्र राजाराम कुशवाहा हाल निवासी जेके पेट्रोल पंप पर शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन करने का मामला दर्ज कराया है।