ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम खितवांस में एक ग्रामीण ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम खितवांस निवासी पप्पू रजक (49 वर्ष) पुत्र गोकुल रजक मजदूरी करता था और परिवार का भरण पोषण कर रहा था। रविवार को सुबह उठकर दैनिक क्रियाओं के बाद सुबह लगभग छह बजे घर से निकल गया। इसके बाद एक घंटे बाद ही उसका शव गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर चारपाई की निबाड़ से फांसी के फंदे पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने यह देख उसके परिजनों को बताया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चार पुत्र हैं और वह तीन भाईयों में सबसे छोटा था। मृतक के बड़े पुत्र नीरज ने बताया कि घर में ऐसी कोई परेशानी नहीं थी। सब ठीक चल रहा था। उसके पिता ने फांसी किन कारणों से लगाई इसका कोई पता नहीं है और उस किसी पर शक भी नहीं है।