संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल गिरने से आधा दर्जन गोवंश उसके नीचे दब गई। गांव के लोगों ने बाउंड्रीवॉल के मलबे के नीचे दबी गोवंश को बाहर निकाला। इसमें एक गोवंश की मौत हो गई। ब्लाक बिरधा की ग्राम पंचायत कुमरोल के मजरा विजयपुरा में प्राथमिक विद्यालय संचालित है। विद्यालय की बाउंड्रीवॉल जर्जर अवस्था में पहुंच गई थी और उसमें दरारे पड़ चुकी थी। सोमवार को स्कूल की बाउंड्री के किनारे कुछ गाय विचरण कर रही थी। इसी बीच जर्जर बाउंड्रीवॉल का एक तरफ का हिस्सा भर-भराकर गिर गया। जिससे किनारे पर विचरण कर रही करीब आधा दर्जन गाय उसके मलबे के नीचे दब गई। गांव के लोगों ने घटना देखी तो वह भागकर मौके पर पहुंचे और मलबे के नीचे दबी गायों को बाहर निकाला। मलबे के नीचे दबने से एक गाय की मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य घायल हो गई। जिनका उपचार ग्रामीणों ने कराया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के चलते हादसा होने की बात कही है।