न्यायालय के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नौकरी लगवाने के नाम पर दस लाख रुपये व शैक्षिक प्रमाण पत्र धोखाधड़ी से लेकर हड़प जाने और वापिस मांगने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर नामजद दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज की है।
जनपद झांसी के सीपरी बाजार निवासी सुरेश शर्मा ने न्यायालय को एक प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें बताया कि कुछ माह पूर्व दीनदयाल धाकड़ निवासी राजघाट रोड कस्बा जखौरा ने उससे उसके पुत्र की नौकरी लगवाने की बात कही थी। नौकरी लगवाने के एवज में उसने आरोपी को 10 लाख रुपये व पुत्र के मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र दिए थे। इसके बाद न तो आरोपी ने पुत्र की नौकरी लगवाई और न ही रुपये सहित शैक्षिक प्रमाण पत्र लौटाए। कुछ दिन पूर्व वह कस्बा जखौरा पहुंचा और आरोपी दीनदयाल धाकड़ से रुपये व शैक्षिक प्रमाण पत्र वापिस मांगे। इस पर आरोपी भड़क गया और गाली गलौज करते हुए मारपीट को आमाद होकर जान से मारने की धमकी दी। घटना की शिकायत पुलिस से की गई। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्यायालय ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। थाना जखौरा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।