ललितपुर। बिजली कनेक्शन के अभाव में नवनिर्मित रोडवेज डिपो के संचालन का कार्य नहीं हो पा रहा था। लेकिन, एनएचएआई से स्वीकृति मिलने के बाद हाईवे की जमीन पर नाली खोदकर अंडर ग्राउंड केबल बिछाकर कनेक्शन दे दिया गया है। कार्यदायी संस्था का दावा है कि छुटपुट कार्य कराकर अगस्त महीने के अंत में ही परिवहन निगम को रोडवेज डिपो सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद रोडवेज डिपो से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
जिले के समीप ग्राम रोड़ा स्थित नवनिर्मित रोडवेज डिपो को बिजली कनेक्शन मिल गया है। अभी तक हाईवे की जमीन से केबल बिछाए जाने की अनुमति का पेंच फंसा था। जिससे कारण रोडवेज डिपो के संचालन में देरी हो रही थी। लेकिन अब एनएचआई ने बिजली विभाग को केबल बिछाए जाने की स्वीकृति देने के बाद बिजली विभाग ने अंडर ग्राउंड केबल डालकर बिजली कनेक्शन कर दिया है। अब कुछ शेष छोटे कार्य होने बाकी है। इसके बाद अगस्त महीने के अंत तक कार्यदायी संस्था रोडवेज डिपो को परिवहन विभाग को सुपुर्द कर देगा। इसके बाद इसी महीने के अंत से डिपो से बसों का संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ब्लॉक जखौरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रोड़ा में नवनिर्मित रोडवेज डिपो का निर्माण कार्य आठ साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। साल 2015 में रोडवेज डिपो का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसे वर्ष 2018 में बनकर तैयार होना था, लेकिन निर्माण में लगातार बाधाओं के चलते कार्य प्रभावित होता रहा। जिसमें कार्यशाला के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन, पानी की कमी के चलते कार्य बंद हो गया। लेकिन वर्तमान समय में डिपो का ज्यादातर कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य भवन, पानी की टंकी, कैंटीन, कार्यशाला सहित अन्य निर्माण कार्य पूरे हो गए हैं। इसके अलावा मुख्य भवन से डिपो के मुख्य गेट तक सीसी सड़क भी बन चुकी है। परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य भी पूरा हो गया है। अब सिर्फ छुटपुट कार्यों का निर्माण कार्य मात्र ही शेष बचा है।
रोडवेज डिपो का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था की तरफ से किया जा रहा है। अभी तक परिवहन निगम को सुपुर्द नहीं किया गया है। जैसे ही सुपुर्द होगा बसों का संचालन डिपो से शुरू कर दिया जाएगा।
- संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम, झांसी
हाईवे से अंडरग्राउंड केबल डालने की अनुमति नहीं मिलने के कारण नवनिर्मित डिपो में बिजली कनेक्शन नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब अनुमति मिल गई है। अंडरग्राउंड केबल डालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कुछ छुटपुट कार्य बाकी हैं, जल्द ही सभी कार्य कराकर अगस्त महीने के अंत तक परिवहन निगम को सुपुर्द कर दिया जाएगा।
- तनवीर आलम, सहायक अभियंता कार्यदायी संस्था