संवाद न्यूज एजेंसी
जाखलौन-ललितपुर। धौर्रा-मुहासा के बीच में अप लाइन पर मालगाड़ी दो हिस्सों में विभाजित हो गई। ड्राइवर व गार्ड ने अपना हिस्सा रोकने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाया और डिब्बों को जोड़कर ट्रेन को आगे बढ़ाया। इस बीच करीब 25 मिनट तक अप रेल मार्ग प्रभावित रहा।
धौर्रा स्टेशन से सुबह 9:05 बजे मालगाड़ी बीना की ओर रवाना हुई। वह कुछ दूर पहुंची थी कि 9:10 बजे अचानक मालगाड़ी की कपलिंग खुल गई और गाड़ी दो हिस्सों में विभाजित हो गई। ड्राइवर व गार्ड ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। करीब 9:25 बजे ट्रेन को जोड़कर आगे रवाना किया गया। इस बीच पीछे चलने वाली दो मालगाड़ी को धौर्रा व जाखलौन स्टेशन पर रोका गया। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कपलिंग खुलने के कारण मालगाड़ी बीच से अलग हुई थी। 25 मिनट बाद यातायात सुचारु कर दिया गया था।