मड़ावरा (ललितपुर)। थाना मड़ावरा अंतर्गत गांव सौंरई में देवी मंदिर के ताले तोड़कर देवी मां की मूर्ति से चांदी का मुकुट और आभूषण चोरी कर लिए गए। जानकारी मिलने पर मड़ावरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और पुजारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सौंरईं स्थित दुर्गा माता मंदिर के ताले तोड़कर शुक्रवार देर रात में चोर देवी प्रतिमा से चांदी का मुकुट व सोने की नथ चोरी कर ले गए। शनिवार को सुबह जब मंदिर के पुजारी रानू तिवारी मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला। इसकी जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण भी मंदिर पहुंच गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मड़ावरा धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मड़ारा केशवनाथ ने मंदिर पहुंचकर मौका मुआयना किया। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।