संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन व प्रशासन की पहल पर उद्यमियों का रुझान जनपद की ओर होने लगा है, इसी का परिणाम है कि यहां कई कंपनियों के प्रपोजल आने लगे हैं। ऐसा ही प्रपोजल जनपद मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर ग्लासवूल की फैक्टरी लगाने का प्राप्त हुआ है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में भी इस कंपनी को शामिल किया गया है।
एफएसके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड यहां ग्लासवूल की फैक्टरी लगाने जा रहा है। इसके लिए कंपनी ने जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम में सात एकड़ कंपनी क्रय कर ली है। इस प्रोजेक्ट में कुल 20 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। कंपनी जमीन जिला प्रशासन से मांग रही है। कंपनी ने इस प्रोजेक्ट में 250 करोड़ का निवेश करने का दावा किया है। यह कंपनी यूपीसीडा के माध्यम से यहां निवेश कर रही है। इस कंपनी से करीब पांच से सात सौ लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसके अलावा भी अन्य कंपनी जनपद में निवेश करने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुकी हैं, लेकिन इन कंपनियों के एमओयू साइन न होने के कारण ये पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रही हैं।
जिला प्रशासन भी कंपनी को निवेश करने के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म दे रहा है। नए उद्यमियों से भी संपर्क में उद्यमी मित्र लगे हुए हैं। फार्मा पार्क पर अन्य कंपनियों के आने से जल्द ही जनपद औद्योगिक हब के रूप में जाना जाएगा।
-
क्या होता है ग्लास वूल
ग्लास वूल एक इंसुलेटिंग मैटीरियल है, जो ग्लास फाइबर से बना होता है, जिसे बाइंडर का उपयोग करके ऊन के समान बनावट में व्यवस्थित किया जाता है। यह प्रक्रिया कांच के बीच हवा के कई छोटे पॉकेट्स को फंसा कर पूरी की जाती है। इसका उत्पादन अलग-अलग तापीय और यांत्रिक गुणों के साथ रोल व स्लैब में किया जाता है।
-
एफएसके कंपनी ने निवेश के लिए एमओयू हस्ताक्षर कर धरातल पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है, उन्होंने सात एकड़ भूमि भी क्रय कर ली है। इसके अलावा भी कई अन्य कंपनियों का निवेश जल्द आने की संभावना है।
रवि बबेले, उद्यमी मित्र इन्वेस्ट यूपी।