संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के बीच से निकली शहजाद नदी के पुल का उच्चीकरण कराने व नदी की सफाई कराने को लेकर बुंदेलखंड विकास सेना की बैठक संगठन प्रमुख हरीश कपूर की अध्यक्षता में हुई।
संगठन प्रमुख ने कहा, शहजाद नदी सफाई के अभाव में दुर्गंध छोड़ रही है, जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन जनप्रतिनिधियों व अफसरों का आना जाना होता है, फिर भी ध्यान नहीं दिया जाता। अन्य वक्ताओं ने कहा, बारिश में पानी के साथ जलकुंभी आकर पुल में फंस जाती है। इससे पानी की ठीक से निकासी नहीं हो पाती है। नदी उफान पर आ जाती है। इससे संक्रमण व बदबूदार पानी फैलने का खतरा बढ़ जाता है। नदी में जा रहे नालियों के पानी की रोकथाम कराई जाए। साथ ही नदी के पुल को ऊंचा किया जाए, जिससे आवाजाही सुगम हो सके। नदी की तलहटी में पेड़ लगाए जाएं, घाटों का निर्माण कराकर प्रकाश की व्यवस्था कराई जाए। इस दौरान राजकुमार कुशवाहा, कदीर खां, फूलचंद रजक, बीडी चंदेल, प्रेमशंकर गुप्ता, हनुमत हलवाई, अमरसिंह बुंदेला, प्रदीप गोस्वामी, नीलू सेन, गौरव विश्वकर्मा, जगदीश झा, नंदराम कुशवाहा, पंकज रैकवार आदि मौजूद रहे।