संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की मंगलवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की दो पालियों में परीक्षा हुई। 9467 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 9120 उपस्थित रहे और 347 अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
सुबह की पाली में हाईस्कूल बालिका वर्ग का गृह विज्ञान का पेपर 46 केंद्रों पर हुआ। पंजीकृत 7521 के सापेक्ष 7239 उपस्थित और 282 अनुपस्थित रहीं। जबकि, इंटरमीडिएट का परिधान रचना एवं सज्जा, बहुस्वास्थ्य कार्मिक, रंगीन फोटोग्राफी, रेडियो एवं टेलीविजन, आशुलिपि एवं टंकण विषय की परीक्षा में 341 के सापेक्ष 330 उपस्थित रहे और 11 अनुपस्थित रहे। गृह विज्ञान की परीक्षा देने वाली छात्राओं ने कहा कि पेपर आसान था।
दूसरी पाली में हाईस्कूल का कंप्यूटर का पेपर छह केंद्रों पर हुआ। 119 के सापेक्ष 118 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और एक अनुपस्थित रहा। इंटरमीडिएट का भूगोल विषय का पेपर 14 केंद्रों पर हुआ। इसमें 932 पंजीकृत में 897 शामिल हुए और 35 अनुपस्थित रहे। नौ केंद्र पर इंटरमीडिएट का कृषि भौतिकी एवं जलवायु (तृतीय प्रश्नपत्र कृषि भाग-1) के पेपर में 291 में से 282 परीक्षा में शामिल और नौ अनुपस्थित रहे। इसके साथ नौ केंद्राें पर कृषि जंतु विज्ञान अष्टम प्रश्नपत्र कृषि भाग-2 का पेपर हुआ। इसमें 263 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 254 उपस्थित और नौ अनुपस्थित रहे। जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित सचल दल भ्रमणशील रहकर परीक्षा का जायजा लेते रहे।