संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लगातार हो रही बारिश से सजनाम, भावनी, कचनौंदा बांध के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। निचले इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया।
कुछ दिनों से हो रही बारिश से यहां के बांधों में पानी की आवक ज्यादा हो रही है। बृहस्पतिवार की रात को हुई बारिश से सजनाम, भावनी, कचनाैंदा बांध में पानी की आवक ज्यादा हुई। इससे बांधों के निर्धारित जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज होने लगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के आदेश पर सजनाम बांध के दो गेट खोलकर 2741 क्यूसेक, भावनी बांध के पांच गेट खोलकर 5342 क्यूसेक और कचनौंदा बांध से 2918 क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। गेट खोले जाने से पूर्व बांधों के निचले इलाकों में अलर्ट घोषित किया। सिंचाई विभाग के अधिकारी बांधों के जलस्तर पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। शुक्रवार रात को जमरार बांध का एक गेट खोलकर 1325 क्यूसेक पानी की निकासी की गई।