वार्ड एक सिद्धनपुरा में मुख्य सड़कों पर ही सफाई की जा रही है, जबकि गलियों में सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है। अधिकारी भी मुख्य सड़कों की सफाई पर ही ध्यान दे रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण शहर भर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए नगर पालिका की टीमें गठित कर दी गई हैं, लेकिन यह टीमें मुख्य मार्गों की सफाई पर ही ध्यान दे रही हैं। गलियों की ओर ध्यान नहीं देने के कारण स्थिति बहुत खराब है। वार्ड नंबर एक सिद्धनपुरा में रहने वाली आबादी शिक्षित कम है, वह लॉकडाउन के महत्व को कम समझ रही है, ऐसे में उस क्षेत्र में सफाई की अधिक आवश्यकता है। इस ओर नगर पालिका कर्मचारी कम ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, अधिशासी अधिकारी डा. संजय कुमार का कहना है कि पूरे शहर की सफाई का ध्यान रखा जा रहा है। कहीं पर भी शिकायत नहीं आ रही है। यदि कहीं पर कोई शिकायत करता है तो उस क्षेत्र में भी सफाई करा दी जाएगी।