ललितपुर। कोतवाली महरौनी के अंतर्गत कस्बा के सीएचसी के सामने चार पहिया वाहन की टक्कर से सड़क पर पैदल जा रहे राहगीर की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टपरियन निवासी रहीश बरार (27) अपने पिता प्रकाश बरार के साथ महरौनी स्थित सीएचसी सेंटर कॉलोनी में रहता था। शुक्रवार की रात को करीब साढ़े नौ बजे जब वह सामान लेकर कॉलोनी की ओर पैदल जा रहा था, तभी सड़क पर एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी और वाहन लेकर भाग निकला। यह देख आसपास के लोगों ने उसे उठाया और उपचार को सीएचसी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन बेटे हैं और वह तीन भाइयों में बड़ा था।