संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह ने लगातार तापमान बढ़ने के चलते सभी वन क्षेत्राधिकारियों से कहा कि जंगलों में पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराएं, जिससे जंगलों में आगजनी की घटना पर काबू पाने के साथ वन्य जीवों के लिए पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने वन क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां पानी की उपलब्धता को भी परखा।
गर्मी को देखते हुए प्रभागीय निदेशक ने जारी आदेश में बताया कि जंगलों में आग की घटनाओं पर नजर रखने व रोकने के लिए बीट मुख्यालयों पर कंट्रोल रूम बनाएं। साथ ही उसका नंबर आसपास के ग्रामीणों को वितरित करें। साथ ही मोबाइल पर फायर अलर्ट का मैसेज पढ़ते रहें। वन्य जीवों को पानी उपलब्ध कराने के लिए जल स्रोतों का चिह्नीकरण कर उनकी फोटो जीजीएस रीडिंग पर जिला मुख्यालय पर उपलब्ध कराएं। जंगलों में जहां पानी भरन के हौज बने हुए हैं, उन्हें भरवाएं। साथ ही जलस्रोतों पर विशेष निगरानी रखें, जहां जानवर पानी पीने के लिए आते हैं। कहीं वन्य जीवों को शिकारी अपना शिकार न बना लें, इसके लिए भी वन्य क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाएं। उन्होंने वन क्षेत्रों के आसपास के इलाकों में ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए कहा कि वे जंगली जानवरों पर नजर रखें, अगर वह पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों में आते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दें।