ललितपुर। शहर के मोहल्ला आजादपुरा में शुक्रवार देर शाम एक विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। ट्रांसफार्मर से तेल और धुआं निकलने के बाद आग लगी। शुरुआत में 15 से 20 फुट ऊंची लपटें उठ रही थीं। पूर्व सभासद लवली शर्मा ने सवा छह बजे धुआं देखकर विद्युत विभाग को सूचना दी। उन्होंने घटना का वीडियो भी विद्युत सूचना समूह पर डाला। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति जारी रही, जिससे आग 20 फुट से अधिक ऊंची हो गई। मोहल्लेवालों ने दोबारा सूचना दी, तब पौने सात बजे बिजली आपूर्ति बंद की गई। प्रभारी अधिशासी अभियंता संजय सागर ने बताया कि फीडर की आपूर्ति बंद कर कार्य कराया जा रहा है।