संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आठ करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से पांच सड़कों व दो पुल का निर्माण होने जा रहा है। इन सभी सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग करने जा रहा है। सड़कें ग्रामीण इलाकों में विकास खंड बार, महरौनी व मड़ावरा में निर्मित होंगी। विकास खंड जखौरा में तीन किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है।
ग्रामीण इलाकों में सुगम यातायात के लिए पांच सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इन सड़कों में विकास खंड बार की बछरावनी से भावनी संपर्क मार्ग भी शामिल है। इस मार्ग की लंबाई 2.55 किलोमीटर है, जिसकी लागत एक करोड़ 64 लाख रुपये है। साथ ही ग्राम डुलावन से पठापुरा तक 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है, जिसकी लागत करीब सात लाख आंकी गई है। सूरीकलां से कुआंगांव तक दो किलोमीटर लंबी सड़क एक करोड़ 41 लाख से, विकासखंड महरौनी में 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क 2.76 करोड़ की लागत से तो विकास खंड मड़ावरा में 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 88 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इन सभी मार्गों के लिए शासन ने कार्ययाेजना स्वीकृत कर दी है। जल्द ही इनका कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
दो पुलों का होगा निर्माण
महरौनी से नाराहट जाने वाली रोड पर पथराई नदी पर पुल का निर्माण प्रस्तावित है। इस पुल की लागत 86 लाख रुपये आंकी गई है। शासन ने इस पुल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है, इसके अलावा बंसवा संपर्क मार्ग पर 47 लाख रुपये की लागत से पुल निर्माण की कार्ययोजना पर शासन ने मोहर लगा दी है। जल्द विभाग इन पुलों का निर्माण कराएगा।
-
पांच सड़कों व दो पुलों का निर्माण किया जा रहा है, इन सभी की निविदा हो गई है, जल्द ही निर्माण प्रारंभ किए जाएंगे।
अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी।