वार्ड नंबर सात चिरैयापुरा में पकड़ी गई पांच कुंतल पॉलीथीन
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने वार्ड नंबर सात के मोहल्ला चिरैयापुरा में एक मकान से पांच क्विंटल 65 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की है। इस कार्रवाई पॉलिथीन का कारोबार कर रहे कारोबारियों में खलबली मच गई। वहीं, दुकानदार भी सतर्क हो गए हैं। होली नजदीक आते ही शहर में पॉलिथीन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ गया है। सब्जी दुकानदार से लेकर होटल, रेस्टोरेंट व किराने की दुकानों पर पॉलिथीन आम हो गई है। हालांकि, कुछ होटल मालिक पॉलिथीन से परहेज कर रहे हैं, लेकिन उनकी संख्या गिनती की है। डीएम योगेश कुमार शुक्ल ने पॉलिथीन के इस्तेमाल होने की जानकारी मिलने पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। वहीं, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डा. संजय कुमार मिश्र पॉलिथीन के बड़े कारोबारियों पर हाथ डालने की फिराक में थे। उन्होंने अधीनस्थ कर्मियों को रैकी पर लगा रहा था। आखिरकार उन्हें इसमें सफलता मिल गई। शनिवार को सुबह करीब आठ बजे नगर पालिका के अधिकारी सूचना मिलने पर पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। इस कार्रवाई में वार्ड नंबर सात मोहल्ला चिरैयापुरा में पांच क्विंटल पैंसठ किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन पकड़ी गई। छापामार कार्रवाई में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप कुमार, जितेंद्र स्वरूप तिवारी, डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर पंकज कुमार, अमित पाराशर, संजय कुमार वाल्मीकि, मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज शकील अहमद, शमीम खान, अमित कुमार, अजय कुमार, विक्रम, अशोक कुमार, परवेश वाल्मीकि उपस्थित रहे।