संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल काॅलेज में वर्ष 2024-25 के नए चिकित्सा शिक्षा का पहला बैच शुरू हो जाएगा। पहले बैच में 100 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य करने में तेजी से जुटी है। मेडिकल काॅलेज प्रशासन भी अपनी तैयारियाें में जुटा है। विशेषज्ञों के साथ ही प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रकिया चल रही है। बैच शुरू होने से जहां चिकित्सा शिक्षा के साथ चिकित्सकीय सेवाएं बेहतर होंगी, वहीं स्थानीय छात्रों को भी अब जिले में ही डॉक्टर बनने का मौका मिलेगा।
अभी व्यवस्थाएं होनी बाकी
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में अभी बिजली का कनेक्शन तक नहीं किया जा सका है। पानी की सुविधा भी नहीं की जा सकी है। उधर, कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि बिजली के लिए विभाग को आवेदन कर दिया गया है। पानी की सुविधा नहीं है। संचालित होने पर अस्थाई रूप से पानी दिया जाएगा। इसके बाद पानी की स्थाई व्यवस्था की जाएगी।
-
तीन सदस्यीय टीम करेगी निरीक्षण
मेडिकल कॉलेज के भवन का निरीक्षण करने के लिए प्राचार्य सहित तीन सदस्यीय टीम निरीक्षण करेगी। मानकों के अनुरूप काम पूरा होने पर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेगी। इसके बाद एनएमसी की टीम आकर मेडिकल कॉलेज के मानकों की जांच करेगी। उसकी रिपोर्ट के आधार पर मान्यता की संस्तुति होगी। फिर कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
मेडिकल कॉलेज में इस साल पहला सत्र शुरू होने की तैयारी चल रही है। टीम के सर्वे और मान्यता मिलने के बाद काउंसिलिंग के साथ प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।-डॉ. डी नाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
-
भवन बनकर तैयार हो गया है। छिटपुट कार्य ही शेष रह गए हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। बिजली कनेक्शन का कार्य प्रक्रिया में है। जल्द ही कनेक्शन दिया जाएगा।
- नवनीत सिंह, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग