संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया, तो पहले दिन अनुपस्थित नौ कार्मिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर के आदेश जारी किए। साथ ही चेतावनी दी कि मतदान प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मतदान कार्मिकों (पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी-प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय) को निर्देशित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 20 मई को मतदान दिवस के दिन निर्भीक होकर अपने दायित्व निभाएं। पोलिंग पार्टियां 19 मई को अमरपुर मंडी से रवाना होंगी। इस दौरान किसी भी कार्मिक को किसी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति से निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक कोई संपर्क नहीं रखना है। किसी भी निर्वाचन संबंधी कार्य को नकारने अथवा टालने की स्थिति में दंडनीय कार्रवाई की जा सकती है। प्रशिक्षकों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण दिया। बताया कि मतदान समाप्त होने के पश्चात कंट्रोल यूनिट पर क्लोज बटन अवश्य दबाना है, जिससे मशीन की बैटरी डिस्चार्ज न हो। इसके पश्चात मशीन को सील करना है। सभी मतदान कार्मिक एमपीएस एप डाउनलोड करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडेय, जिला विकास अधिकारी केएन पांडेय आदि उपस्थित रहे।
-
बीएसए ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर
जिला विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि सोमवार के प्रशिक्षण सत्र के दौरान कुल नौ कार्मिक प्रज्ञा खरे सहायक भूमि संरक्षक निरीक्षक, नीलम सअ प्राथमिक विद्यालय पंचैरा न्याय पंचायत ननौरा, नीलम वर्मा सअ पीएस जामुनझोरा, प्रीति शिक्षामित्र प्रावि मर्हरा, अफसाना बानो शिक्षामित्र पीएस बाजार तालबेहट, प्रेमपाल पत्रवाहक विकासखंड बिरधा, रामदयाल सफाईकर्मी गोराकछया मड़ावरा, पूरनलाल सफाईकर्मी कल्यानपुरा, महेन्द्र सिंह सफाईकर्मी गोंठरा मड़ावरा अनुपस्थित रहे। इनके विरुद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सह प्रभारी अधिकारी कार्मिक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 134 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली पुलिस को पत्र प्रेषित किया है।