संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। किसानों को अनुदान पर सिंचाई की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान के अंतर्गत सोलर पंप मुहैया कराए जाएंगे। योजना अंतर्गत पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सोलर पंप दिए जाएंगे। पंजीकृत किसान 20 जनवरी को ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
फसलों की सिंचाई को सुविधायुक्त बनाने व बिना बिजली के सिंचाई की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम कुसुम) के अंतर्गत अनुदान पर लगभग 1120 विभिन्न एचपी के सोलर पंप दिए जा रहे हैं। सोलर पंप ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरित किए जाएंगे। इसके लिए किसान 20 जनवरी को दोपहर 12 बजे से बुकिंग कर सकेंगे।
बुकिंग होने के साथ ही किसानों को को पांच हजार रुपये टोकन मनी के रूप में ऑनलाइन जमा करना होगा। टोकन जनरेट होने के बाद एक सप्ताह में किसानों को अनुदान छोड़कर अपना अंश निर्धारित बैंक में जमा करना होगा। एक सप्ताह में जमा न करने वाले किसानों का टोकन स्वत: ही निरस्त कर दिया जाएगा। किसान निर्धारित समय पर वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण संख्या के साथ आवेदन कर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसमें किसानों को दो एचपी, तीन एचपी, पांच एचपी, 7.5 एचपी व दस एचपी के सोलर पंप दिए जाएंगे।
-
किसान निर्धारित समय पर बेवसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सोलर पंप की बुकिंग करें।-बसंत कुमार दुबे, उप निदेशक कृषि