संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा (ललितपुर)। नवीन गल्ला मंडी में सरकारी क्रय केंद्र पर मूंग की फसल बेचने के बाद किसान तीन माह से भुगतान के लिए चक्कर काट रहे हैं। जबकि नियमत: 72 घंटे के अंदर उन्हें पैसा मिल जाना चाहिए।
गल्ला मंडी में किसानों ने क्रय केंद्र पर मूंग डाली थी, जिसका तीन माह बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। किसान भुगतान के लिए अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। किसानों का कहना है कि अब खरीफ की फसल अतिवृष्टि से नष्ट हो गई है। ऐसे में आर्थिक संकट आ गया है। आगामी फसल कैसे होगी।
-
मूंग का विक्रय जुलाई में गल्ला मंडी स्थित सरकारी क्रय केंद्र पर किया था। तीन माह बाद भी भुगतान नहीं हुआ। कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं।
- बालकिशन, बम्होरी
-
खरीफ फसल नष्ट हो गई है, ऐसे में आर्थिक संकट आ गया है। अब पैसों की आवश्यकता है। मूंग की फसल का भुगतान हो तो कुछ राहत मिल जाए।
- राजधर, अगोरा
-
सरकारी क्रय केंद्र पर समय से पैसे मिलने की आस लेकर मूंग का विक्रय किया था। अब तक भुगतान नहीं किया गया है। पैसे न मिलने का भय सता रहा है।
- विनोद कुमार, अगोरा
-
गल्ला मंडी स्थित केंद्र पर 25 क्विंटल मूंग डलवाई थी, भुगतान समय से नहीं हुआ। अब जल्द भुगतान न मिला तो आगामी रबी की फसल नहीं कर सकेंगे।
- दिनेश कुमार, बम्होरी बहादुरसिंह
-
मूंग का पैसा रुकने की जानकारी हुई है। इसकी जानकारी कर जल्द किसानों को पैसा दिलाया जाएगा।
- अरविंद मेहर, जिला सहायक आयुक्त, सहकारिता