ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रावगढ़ में खेत पर हालत बिगड़ने से किसान की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रावगढ़ निवासी घनश्याम (45) मंगलवार की शाम करीब पांच बजे खेत पर गया था, तभी अचानक से उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां पास में ही मौजूद एक बच्चे ने यह देख घर जाकर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई तोरन ने बताया कि उसके भाई के नाम करीब डेढ़ एकड़ जमीन है और वह उस जमीन के साथ ही ठेका पर भी खेती करता था। उसके दो बेटे व दो बेटियां हैं और वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।