संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। फसल की रखवाली करने गए ग्रामीण को सांप ने डस लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम बिरारी निवासी अमर सिंह (54) मंगलवार रात अपने खेत पर नील गायों से गेहूं की फसल बचाने के लिए रखवाली करने गया था। देर रात खेत में नील गाय घुस आई तो वह उन्हें भगाने लगा। जब वह खेत से कुछ दूर स्थित एक टौरिया के पास पहुंचा तो यहां सांप ने उसे डस लिया। टार्च की रोशनी में उसे सांप भागता दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना अपने भाई रामसिंह को दी। रामसिंह अन्य परिजनों के साथ खेत पर पहुंचा तो अमर सिंह अचेतावस्था में पड़ा मिला। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पांच भाई-तीन बहनों में चौथे नंबर का था और उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह आठ एकड़ भूमि पर खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।