सिलावन गांव में खेत पर जानवर चराने के दौरान हुआ हादसा
धौर्रा के मजरा धौजरी में घुमन सहरिया में 40 बकरियां मरीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन-जाखलौन (ललितपुर)। बुधवार को बारिश के दौरान दो स्थानों पर हुए वज्रपात में ग्रामीण की मौत हो गई, वहीं उसके दो साथी बेहोश हो गए। आनन फानन उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं, धौजरी गांव में खेत में चर रहीं करीब 40 बकरियां मर गईं।
थाना महरौनी अंतर्गत सिलावन गांव निवासी तीन किसान खेत पर जानवर चरा रहे थे। इसी बीच दोपहर करीब दो बजे अचानक गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों किसान पास ही महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक बिजली गिरी, इससे महेश तिवारी (55) की मौके पर मौत हो गई, वहीं सुंदर पाठक (70) और आनंद चौबे (22) चपेट में आने से बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना उनके परिजन को दी।
परिजन बेहोश दोनों किसानों को स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। इधर, लेखपाल ने गांव जाकर घटना की जानकारी ली। उधर, ग्राम पंचायत धौर्रा के मजरा धौजरी में घुमन सहरिया की बकरियां खेत में चर रही थीं। बारिश के दौरान बिजली गिरने से वह चपेट में आ गईं और करीब 40 बकरियां मर गईं। इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है।
0000000
बारिश से उमसभरी गर्मी से मिली राहत
ललितपुर। करीब एक हफ्ते से बढ़ रही उमसभरी गर्मी से बुधवार को शहरवासियों को राहत मिली। अपराह्न करीब 2.30 बजे काली घटाओं के साथ बादलों ने बरसना शुरू किया। अचानक हुई तेज बारिश से सड़कों पर लोग छिपने के लिए इधर उधर भागने लगे। करीब आधा घंटे हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। इसके बाद छाए बादलों के बीच हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया।