ललितपुर/जखौरा। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पिपरा निवासी एक किसान शनिवार की देर रात में खेत में पानी दे रहा था, तभी उसे सांप ने डस लिया। घर आकर उसने यह बात अपने परिजनों को बताई। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर जखौरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पिपरा निवासी रामसिंह (57) पुत्र संतोष सिंह बुंदेला शनिवार की रात को खाना खाने के बाद खेत में पानी देने गया था। देर रात करीब दो बजे खेत में पानी दे रहा था, तभी उसे सांप ने डस लिया। उसे दर्द होने पर उसने देखा तो एक सांप जाता हुआ दिखाई दिया। यह देख वह घबरा गया और भागते हुए किसी प्रकार घर पहुंचा और परिजनों को सांप के डसने की बताते हुए बेहोश हो गया। परिजन अभी उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे और पड़ोसियों को बुलाया। जब तक पड़ोसी उसके घर पहुंचे तो उन्होंने देखा की रामसिंह की मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर जखौरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटा व तीन बेटियां हैं। जबकि वह दो भाइयों में बड़ा था और उसके पास ढाई एकड़ खेती की जमीन है।