खेत से लौटते समय बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत से लौटते समय बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान की गाज की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू की।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बम्हौरीकलां निवासी कल्लू अहिरवार (55) पुत्र परसादी बुधवार को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत पर गया था। शाम को वह घर लौट रहा था। इस दौरान बारिश होने लगी तो वह रास्ते में लगे बबूल के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी आसमान से गाज गिरी। जिसकी चपेट में कल्लू आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव के कुछ ग्रामीण जब अपने खेतों से वापस घर की ओर लौट रहे थे तो उन्हें कल्लू बबूल के पेड़ के नीचे मृतावस्था में पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस व परिजनों को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक चार एकड़ भूमि का काश्तकार था।