ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पिपरा में खेत पर काम कर रहे एक किसान की सांप के डसने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम पिपरा निवासी काशीराम कुशवाहा (38 वर्ष) पुत्र कुंजे कुशवाहा सोमवार की शाम करीब चार बजे गांव में ही खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों ने उसे सहारा देकर घर पहुंचाया। परिजन उसे झाड़ फूंक के लिए पहले तो पास के ही गांव राजपुर ले गए, जहां उसे आराम नहीं मिलने पर मध्य प्रदेश के ग्राम देवरी भी दे गए, लेकिन वहां भी उसे लाभ नहीं मिला, जिस पर परिजन उसे ललितपुर जिला चिकित्सालय ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। जब जिला चिकित्सालय पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई सुखनंदन ने बताया कि मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है और वह तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। उसके पास मात्र सवा एकड़ जमीन है।