डीएम ने दिखाई सख्ती, जनशिकायतों में रुचि नहीं ले रहे ये अधिकारी
जुलाई में आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में जनपद प्रदेश में फिसलकर पहुंचा 71वें स्थान पर पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जन शिकायतों के निस्तारण में जुलाई माह में जनपद की स्थिति प्रदेश में खराब आने पर डीएम आलोक सिंह ने एसडीएम सदर सहित 11 जिम्मेदार अधिकारियों के स्पष्टीकरण मांगे हैं। स्पष्टीकरण के साथ उन्होंने असंतुष्ट लोगों की फीडबैक की रिपोर्ट व शिकायतों की हार्डकॉपी भी मांगी है।
शासन जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए संपूर्ण समाधान दिवस और थाना दिवस का आयोजन भी किया जा रहा है। वहीं आईजीआरएस पोर्टल पर भी आम लोग शिकायत दर्ज करते हैं। आईजीआरएस पर की गई शिकायत का निस्तारण करने के लिए समय सीमा का निर्धारण शासन ने किया हुआ है। लेकिन, जनपद में आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में संबंधित विभागीय अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं।
यही कारण रहा कि जुलाई माह में जनपद आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश के 75 जनपदों में से 71वें स्थान पर रहा। इसको जिलाधिकारी आलोक सिंह ने गंभीरता से लिया और 11 अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
इन अधिकारियों को देना है स्पष्टीकरण
एसडीएम सदर, उप जिला अधिकारी मडावरा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, जिला उद्योग अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, अधिकारी परियोजना अधिकारी डूडा और परियोजना निदेशक डीआरडीए आदि अधिकारी शामिल हैं।