ललितपुर। जनपद में महंगी कीमतों पर बिक रही सब्जी का असर यहां के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए बनने वाले मध्याह्न भोजन पर पड़ने लगा है। मिड-डे मील के मेन्यू में शामिल टमाटर और धनिया से शिक्षकों ने दूरी बना रहे हैं। इसके स्थान पर शिक्षक अन्य सब्जियों का प्रयोग कर रहे हैं जो सस्ते दामों पर मिल रही है।
जनपद में 1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय संचालित होते हैं। इनमें करीब 1.80 लाख छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। विद्यालयों में छात्रों की उपस्थित शत-प्रतिशत सुनिश्चत रखने के लिए शासन मिड-डे मील योजना के तहत मध्यांह भोजन का निर्माण विद्यालय में ही करवाता है। इसके लिए रसोईघर और खाना बनाने के लिए रसोईया तैनात की गई है। विद्यालयोें में मिड-डे मील का खाना बनाने के लिए शासन ने मेन्यू जारी किया हुआ है। इसमें रोटी सब्जी, मौसमी फल, सब्जी चावल, तहरी, गर्म दूध, चावल, दाल सब्जी बनाए जाते हैं।
मध्याह्न भोजन के लिए शासन विद्यालयों के लिए कनर्वजन कास्ट के रूप में धनराशि भेजता है। इस कनवर्जन कास्ट की धनराशि से ही मध्याह्न भोजन के लिए सामान की खरीद की जाती है। प्राइमरी विद्यालय में अध्यनरत एक छात्र के लिए करीब पांच रुपये और जूनियर हाईस्कूल के एक छात्र के लिए सात रुपये शासन कनर्वजन कास्ट के रूप में रुपये जारी करता है।
वर्तमान समय में जनपद में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिसमें टमाटर 100-120 रुपये प्रति किलोग्राम, हरी धनिया करीब 200 रुपये प्रतिकिलोग्राम का बाजार में बिक रहा है। अासमान छू रहे सब्जियों के दामों ने सरकारी विद्यालयों में संचालित मिड-डे मील के बजट पर पड़ रहा है और अधिकांश शिक्षक सब्जी, तहरी में टमाटर व हरी धनिया का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। कुछ शिक्षकों ने बताया कि टमाटर व हरी धनिया के साथ साथ अन्य सब्जियों के दाम भी जनपद में आसमान छू रहे हैं। इस कारण से वह लोग मध्याह्न भोजन में टमाटर व हरी धनिया के स्थान पर अन्य सब्जी का प्रयोग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ विद्यालय ऐसे हैं जिनमें सब्जी बनाई ही नहीं जा रही है। वहां सिर्फ चावल की तहरी बनाई जा रही है।
ये है मध्याह्न भोजन का साप्ताहिक मेन्यू
सोमवार - रोटी-सब्जी और मौसमी फल
मंगलवार - सब्जी-चावल
बुधवार - तहरी और गर्म दूध
बृहस्पतिवार - रोटी-सब्जी
शुक्रवार - तहरी
शनिवार - चावल, दाल सब्जी युक्त
बाजार में सब्जी के दाम आसमान छू रहे हैं। इस कारण से मध्याह्न भोजन में बनने वाली सब्जी में टमाटर व हरी धनिया का प्रयोग शिक्षक नहीं कर रहे है। लेकिन इसके स्थान पर शिक्षकों को अन्य सब्जियों का प्रयोग करने को कहा गया है। - कपिल दुबे, जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन