संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पांच दिन बाद भी लापता होटल व्यापारी संजीव जैन का कोई पता नहीं चला। उन्हें ढूंढ निकालने में कोतवाली पुलिस के नाकाम रहने पर एसपी मो. मुश्ताक ने अब स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को लगाया है। सात फरवरी को शहर के प्रतिष्ठित होटल व्यापारी रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे।
पारसनाथ कॉलोनी निवासी संजीव जैन के अपने घर से लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की। लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। इसकी सूचना परिजनों ने कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। आरोप है कि व्यापारी को खोजने के नाम पर हीलाहवाली की। इसका नतीजा यह निकला कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी व्यापारी का कुछ पता नहीं चला। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसओजी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। इसके बाद एसओजी व सर्विलांस टीम अपने-अपने स्तर लापता व्यापारी का सुराग लगा रही है।