संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल काॅलेज के भवन के शिफ्ट होने की राह में रोड़ा बने विद्युत कनेक्शन की समस्या जल्द दूर होगी। कनेक्शन एस्टीमेट की राशि लगभग 22 लाख रुपये नियंत्रक प्राधिकारी मद से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के नए भवन में विद्युत कनेक्शन न होने से मरीजों को शिफ्ट नहीं किया जा पा रहा है। वहीं पुराने भवन (जिला अस्पताल) में मरम्मत शुरू कर दिया गया है। ऐसे में वार्डों में भर्ती मरीज परेशान हैं। बारिश के मौसम में छतों की मरम्मत से पानी रिस रहा है। इससे वार्ड में गंदगी फैली है। नालियों की खुदाई होने से दुर्गंध उठ रही है।
विद्युत विभाग ने मेडिकल कॉलेज में कनेक्शन के लिए 22 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया था। इस राशि को नियंत्रक प्राधिकारी मद से दिया जा रहा है। इससे जल्द ही विद्युत कनेक्शन हो जाएगा। कनेक्शन होने के बाद मरीजों को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
-
विद्युत कनेक्शन की एस्टीमेट राशि को आरए फंड से उपलब्ध कराया जा रहा है। जल्द ही कनेक्शन हो जाएगा।
- डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज